MP: निकाय चुनाव से पहले सिंधिया को बड़ा झटका, इस खास नेता ने छोड़ा साथ, कांग्रेस में की घर वापसी

June 20, 2022 0 Comments

मध्य प्रदेश निकाय चुनाव से पहले भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बड़ा झटका लगा है। बता दें कि सिंधिया के करीबी माने जाने वाले अमित सोनी ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। अमित सोनी इससे पहले सिंधिया के साथ कांग्रेस से भाजपा में आए थे। इस बार वो मध्य प्रदेश निकाय चुनाव में गुना नगर पालिका से भाजपा टिकट की दावेदारी पाना चाह रहे थे।

बता दें कि अमित सोनी को पार्टी ने टिकट नहीं दिया, जिसके चलते वो बागी हो गए और वापस कांग्रेस में चले गये। सिंधिया के करीबी अमित सोनी का वापस कांग्रेस में शामिल होना, वो भी निकाय चुनाव से पहले, भाजपा के लिए अच्छा संकेत नहीं माना जा रहा है। मालूम हो कि कांग्रेस में रहने के दौरान अमित सोनी युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

उनके और मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच काफी अच्छे संबंध बताये जाते रहे। लेकिन कहा जा रहा है कि राजनीतिक महत्वाकांक्षा के चलते अमित सोनी ने खुद को भाजपा से अलग कर लिया। सोनी अपने कार्यकर्ताओं के साथ जयवर्धन सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए।

बागी हुए और भी नेता: गुना के अलावा इटारसी नगर पालिका क्षेत्र में भी भाजपा को नुकसान हुआ है। बता दें कि इटारसी नगर पालिका के पूर्व पार्षद और भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता यज्ञदत्त गौर (लालू) ने निर्दलयी तौर पर पार्षद पद के लिए अपना पर्चा दाखिल किया है। वे भाजपा से पार्षद रहे हैं। लेकिन इस निकाय चुनाव में उनका टिकट कट जाने पर उन्होंने निर्दलीय तौर पर ताल ठोकी है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई बीजेपी मंडल के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण शुक्ला ने पार्टी से नाराज होकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। पूर्व अध्यक्ष व पूर्व जिला मंत्री बालकृष्ण शुक्ला नगर परिषद पवई के वार्ड 12 से टिकट मांग रहे थे। बता दें कि निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही मध्य प्रदेश में सिर्फ भाजपा ही नहीं बल्कि कांग्रेस में भी बगावत देखी जा रही है।

आलम यह है कि राज्य की राजधानी भोपाल में एक साथ 8 पूर्व पार्षदों ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया है। निकाय चुनाव के समीप इस तरह की कलह को देखते हुए ‘आप’ ने सेंध लगाना शुरू कर दिया है। बीजेपी-कांग्रेस नेताओं की नाराजगी का फायदा आम आदमी पार्टी उठाना चाह रही है।

बता दें कि मध्य प्रदेश में निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। जिसमें पहला चरण 6 जुलाई और दूसरा चरण 13 जुलाई को होगा। पहले चरण के नतीजे 17 जुलाई और दूसरे चरण के नतीजे 18 जुलाई को घोषित किए जाएंगे।

https://ift.tt/6AxwPO8

Amol Kote

Some say he’s half man half fish, others say he’s more of a seventy/thirty split. Either way he’s a fishy bastard.

0 Comments: